T20 World Cup 2026 का सेमीफाइनल आज इतिहास बन गया। भारत और इंग्लैंड के बीच खेला गया यह मुकाबला दिल की धड़कनें रोक देने वाला था और आखिर में भारत ने 7 रन से जीत दर्ज करते हुए फाइनल में जगह पक्की कर ली।
भारत की पारी: संजू-ईशान की जोड़ी ने मचाया धमाल
टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी टीम इंडिया ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 253 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
ओपनिंग पर संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा मैदान में उतरे। लेकिन अभिषेक शर्मा जल्दी आउट हो गए बताया जा रहा है कि संजू सैमसन ने उन्हें थोड़ा रुकने को कहा था, लेकिन उन्होंने आक्रामक रवैया अपनाया और जल्दी पवेलियन लौट गए।
इसके बाद आए ईशान किशन, और फिर क्या था संजू-ईशान की जोड़ी ने मिलकर सिर्फ 45 गेंदों में 97 रन की धुआँधार पार्टनरशिप की। यही पार्टनरशिप पूरी इनिंग की रीढ़ बनी।
संजू सैमसन ने 7 छक्के और 8 चौकों की मदद से 89 रन की शानदार पारी खेली वो मैन ऑफ द मैच के सबसे बड़े दावेदार रहे। ईशान किशन ने 39 और शिवम दुबे ने 43 रन जोड़े। पारी का समापन किया हार्दिक पांड्या ने आखिरी ओवरों में ताबड़तोड़ 27 रन ठोककर स्कोर 253 तक पहुँचाया।
इंग्लैंड की पारी: बैठल का शतक, पर काफी नहीं
254 के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। ओपनर जोस बटलर छक्का मारने की कोशिश में उलझे रहे बल्ले और गेंद का तालमेल ही नहीं बैठा। किसी तरह 25 रन बनाकर आउट हो गए। फिल साल्ट भी जल्दी लौट गए और उनका कैच अक्षर पटेल ने लिया, जो एक जबरदस्त कैच था। उसी पल से मैच का रुख बदल गया।
विकेट दर विकेट गिरते रहे और इंग्लैंड बैकफुट पर आ गया। एकमात्र उम्मीद बने 21 वर्षीय बैठल, जिन्होंने 7 छक्कों की मदद से 105 रन का शानदार शतक जड़ा। उन्होंने बिल जैक के साथ 77 रन की पार्टनरशिप भी की जो इंग्लैंड की सबसे बड़ी जोड़ी रही। लेकिन बाकी बल्लेबाज उनका साथ नहीं दे पाए।
अंत में इंग्लैंड 246 रन पर सिमट गई और 7 रन से मैच गँवा बैठी।
गेंदबाजी में किसने क्या किया?
जसप्रीत बुमराह ने एक बार फिर अपनी क्लास दिखाई 4 ओवर में सिर्फ 1 विकेट लेकिन बेहद किफायती रहे और दबाव बनाए रखा।
अक्षर पटेल मैच के असली हीरो रहे उन्होंने 2 जबरदस्त कैच पकड़े जिसने मैच का पूरा रुख पलट दिया।
वरुण चक्रवर्ती सबसे महँगे गेंदबाज रहे 4 ओवर में 64 रन देकर 1 विकेट।
भारत फाइनल में!
इस जीत के साथ टीम इंडिया T20 World Cup 2026 के फाइनल में पहुँच गई है। संजू सैमसन की विस्फोटक बैटिंग, ईशान किशन की साझेदारी, हार्दिक का फिनिश और अक्षर पटेल के कैच ये वो पल थे जिन्होंने इतिहास लिखा।







